Near Janipur Thana, Phulwari Sharif, Patna
भारत में 2035 तक औसतन तीन प्रतिशत की दर से बढ़ेगी तेल की मांग : आइईए
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आइईए) ने बुधवार को कहा कि भारत अगले दशक में तेल की मांग में वृद्धि का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा। उभरते बाजारों और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में भारत में ऊर्जा की मांग सबसे तेजी से बढ़ रही है और यह 2035 तक प्रत्येक वर्ष औसतन तीन प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। देश की ऊर्जा की बढ़ती मांग चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया की संयुक्त मांग से भी ज्यादा होगी, जो वैश्विक तेल बाजारों को आकार देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
आइईए ने अपनी रिपोर्ट में कहा, वर्तमान नीति परिदृश्य में 2050 तक तेल प्रमुख ईंधन बना रहेगा। पिछले दस वर्षों में तेल की मांग में 75 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि चीन में हुई है, लेकिन यह तस्वीर अब बदल रही है और भारत तेल की मांग में वृद्धि का नया केंद्र बन रहा है। अगले दस वर्षों में वैश्विक तेल मांग वृद्धि में भारत अग्रणी रहेगा, और 2035 तक वैश्विक स्तर पर उत्पादित अतिरिक्त बैरल का लगभग आधा हिस्सा भारत की ओर जाएगा। कार स्वामित्व में तेजी से वृद्धि, प्लास्टिक, रसायन और विमानन की बढ़ती मांग के साथ खाना पकाने के लिए एलपीजी के उपयोग में वृद्धि के परिणामस्वरूप भारत का तेल उपयोग 2024 के 55 लाख बैरल प्रतिदिन से बढ़कर 2035 में 80 लाख बैरल प्रतिदिन हो जाएगा।
