Near Janipur Thana, Phulwari Sharif, Patna
फर्जी डॉक्टरों से सावधान! असम पुलिस ने जारी किया खास नंबर, 2 महीने में 17 झोलाछाप गिरफ्तार
असम का कछार जिला झोलाछाप डॉक्टरों (Fake Doctors) का गढ़ बन गया है। पुलिस ने 2 और फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ कुल गिरफ्तारियों की संख्या 17 हो गई है। पुलिस ने पूरे शहर में झोलाछाप डॉक्टरों और नीम हकीमों की तलाश तेज कर दी है।
अगस्त से अब तक 17 लोगों को फर्जी डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हाल ही में गिरफ्तार किए गए 2 आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय सुपाल रॉय और 39 वर्षीय इंद्रजीत रॉय के रूप में हुई है।
पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा
असम पुलिस ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित द्वारबोंद से सुपाल रॉय और तातपारा से इंद्रजीत को हिरासत में लिया। द्वारबोंद पुलिस स्टेशन के पास सुपाल रॉय की फार्मेसी की दुकान भी मौजूद थी। पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ा है। वहीं, इंद्रजीत लोगों को घरों पर जाकर दवाईयां देता था, लेकिन उसके पास कोई मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं मिला।
पुलिस ने जारी किया नंबर
पुलिस ने कछार में लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर 6026903329 भी जारी किया है। इस नंबर पर फोन करके लोग फर्जी डॉक्टरों की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं। पुलिस शहर में मौजूद अन्य फर्जी डॉक्टरों की तलाश कर रही है।
